29 मार्च, 2011

हुड्डा और कैप्टन इस्तीफा दें : कुलदीप

पानीपत. हरियाणा जनहित कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि आए दिन उजागर हो रहे घोटालों के कारण केंद्र व राज्य सरकार का भ्रष्ट चेहरा जनता के सामने स्पष्ट हो गया है।

इसलिए मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व वित्त मंत्री कैप्टन अजय यादव इस्तीफा दें अन्यथा महामहिम राज्यपाल उन्हें तुरंत प्रभाव से बर्खास्त करें। उन्होंने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने जज निर्मल यादव के मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय बेंच गठित की थी। बेंच में इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज एचएल भूखले, गुजरात हाईकोर्ट के जज केएस राधाकृष्णन व दिल्ली हाईकोर्ट के जज मदन बी लाकूर को शामिल किया गया था। इस बेंच ने अपनी जांच रिपोर्ट में साफ तौर पर प्रदेश के वित्त मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव की भूमिका को संदिग्ध माना है।

रिपोर्ट में बताया गया है कि जांच कर रहे न्यायाधीशों के समक्ष तहसीलदार सतीश कुमार ने बयान दिया है कि वित्त मंत्री ने बार-बार फोन करके नियमों की अवहेलना करने के लिए दबाव बनाया था। रिपोर्ट में कहा गया है कि विवादित जमीन के कॉ-परचेजर वित्त मंत्री खुद, उनकी पत्नी, पुत्र व पुत्री तथा दिल्ली के बिजनेसमैन रवींद्र सिंह हैं।

प्रदेश के वित्त मंत्री के लिए ऐसी स्थिति अत्यंत गंभीर है और उन्हें एक पल भी मंत्री पद पर बने रहने का अधिकार नहीं। या तो वे इस्तीफा दें अन्यथा महामहिम राज्यपाल उन्हें बर्खास्त करें। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि भूमि अधिग्रहण मामले में भी वित्त मंत्री दोहरी नीति अपना रहे हैं। वे किसानों की उपजाऊ जमीन बचाने के लिए संघर्ष करने की बजाय कोरी बयानबाजी कर रहे हैं।

21 मार्च, 2011

मुझे भी पैसे का ऑफर मिला था : कुलदीप

एनबीटी न्यूज हिसार
हरियाणा जनहित कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि परमाणु करार को लेकर तत्कालीन संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार को अपना बहुमत सिद्ध करना था , तब मैं भिवानी से सांसद था। उस समय मैंने खुले तौर पर कांग्रेस की मनमानी नीतियों के खिलाफ बोलना शुरू कर दिया था। इसलिए संसद में विश्वास मत हासिल करने के लिए तब मुझे भी सरकार का समर्थन करने के लिए पैसे का लालच दिया गया था। इसका खुलासा मैंने तब सार्वजनिक रूप से किया था। कुलदीप शुक्रवार को अपने आवास पर पार्टी के जिला प्रधानों की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

बैठक में पार्टी संगठन को मजबूत करने कार्यकारिणी का पुनर्गठन करने को लेकर विचार - विमर्श किया गया। उन्होंने बताया कि 15 अप्रैल तक सभी जिला मुख्यालयों पर पार्टी कार्यालयों की स्थापना कर दी जाएगी। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि केंद्र राज्य की कांग्रेसी सरकार द्वारा किए जाने वाले घोटाले ही सरकार के पतन का कारण बनेंगे क्योंकि लोग कांग्रेस की भ्रष्ट नीतियों से तंग चुके हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी गोरखपुर के परमाणु संयंत्र का शुरू से विरोध करती आई है। उन्होंने कहा कि सस्ती ऊर्जा देने के नाम पर मानवता के साथ खिलवाड़ नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि जापान में हाल ही में उत्पन्न हुई भीषण स्थिति किसी से छिपी नहीं है , इसलिए आबादी वाले क्षेत्र में परमाणु संयंत्र की स्थापना सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री हुड्डा की भूमि अधिग्रहण नीति यदि विश्व में सर्वश्रेष्ठ होती तो विभिन्न जिलों के किसान इस नीति के खिलाफ सड़क पर उतरने को मजबूर नहीं होते। उन्होंने कहा कि एचजेसी विधायकों के दलबदल मामले में माननीय न्यायालय पूरी निगरानी कर रहा है , इसलिए इन विधायकों का जाना तय है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता विधानसभा उपचुनाव के लिए तैयार रहें।

14 मार्च, 2011

मान व कौशिक हजकां से निष्कासित

पानीपत. हरियाणा जनहित कांग्रेस नेतृत्व ने पार्टी के कार्यक्रमों में हिस्सा न लेने और पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त नेताओं से सख्ती से निपटने की तैयारी कर ली है।

पार्टी की अनुशासन समिति ने शुक्रवार को पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रणसिंह मान व पार्टी के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता सतपाल कौशिक को निष्कासित कर दिया है। समिति के चेयरमैन मंगतराम लालवास की अध्यक्षता में हुई बैठक में समिति सदस्यों सुरेश शर्मा व दलबीर वाल्मीकि ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया। समिति के चेयरमैन मंगतराम लालवास ने कहा कि पार्टी में अनुशासहीनता को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं के खिलाफ पार्टी को निरंतर शिकायतें मिल रहीं थी। इस संबंध में उनको पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था जिसका कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पार्टी संरक्षक व पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल व पार्टी अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई से विचार-विमर्श करने के बाद उक्त दोनों नेताओं को निष्कासित किया गया है।

उपचुनाव से टाल-मटोल कर रहे कांग्रेसी: बिश्नोई

चंडीगढ़. हरियाणा जनहित कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा उपचुनाव से टाल-मटोल कर रहे हैं। इसलिए असंवैधानिक तरीके से हजकां छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वाले विधायकों के मामले को टालने की हर संभव कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि नए विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा भी अपने पद की गरिमा भूलकर कांग्रेस कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं। वे भी हजकां के पांच विधायकों के मामले में टाल-मटोल कर रहे हैं। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि दलबदलू विधायकों की सदस्यता हर हाल में रद्द करवाई जाएगी। विधानसभा अध्यक्ष द्वारा मामले को गंभीरता से न लेने को लेकर माननीय उच्च न्यायालय को भी अवगत करवाया जाएगा।

हजकां अध्यक्ष ने बताया कि नए विधानसभा अध्यक्ष को 8 मार्च को मामले की आगामी सुनवाई करनी थी। इस सुनवाई के संबंध में दोनों पक्षों को लिखित रूप से सूचना दी गई थी। सुनवाई के लिए हजकां की तरफ से वरिष्ठ अधिवक्ता सतपाल जैन, धीरज जैन व देवेश मुद्गिल उपस्थित थे।

हजकां की ओर से मौजूद वकीलों द्वारा स्पीकर को बताया गया कि पहले ही मामले को 15 महीने बीत चुके हैं। उच्च न्यायालय में सुनवाई की तिथि पांच अप्रैल है, इसलिए तुरंत निर्णय लिया जाए। उन्होंने स्पीकर को बताया कि इस तरह के दल-बदल के मामलों में माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने तीन सप्ताह में निपटाने के निर्देश दिए हैं।

इसके अतिरिक्त भारत के अतिरिक्त महाअधिवक्ता ने भी पंजाब-हरियाणा उच्च न्यायालय को विश्वास दिलाया था कि स्पीकर मामले का जल्द निपटारा करेंगे। इन सब तथ्यों को ध्यान में रखकर मामले की सुनवाई स्थगित करने की बजाय तुरंत निर्णय लिया जाना चाहिए। इसके बावजूद स्पीकर ने मामले को लंबा खींचने के लिए सुनवाई स्थगित कर दी।

भजनलाल और कुलदीप ने दिया दिल्ली में धरना

नई दिल्ली. प्रदेश में 16 दिन की जनहित यात्रा के बाद हजकां संरक्षक भजनलाल व पार्टी सुप्रीमो कुलदीप बिश्नोई ने हरियाणा की हुड्डा सरकार की बर्खास्तगी की मांग को लेकर बुधवार को जंतर-मंतर पर क्रमिक अनशन करके राष्ट्रपति के नाम पांच सूत्री ज्ञापन दिया।

ज्ञापन में राज्य की स्थिति को नियंत्रण से बाहर करार देते हुए वहां तत्काल राष्ट्रपति शासन लागू किए जाने की मांग की गई है। इससे पहले कुलदीप व भजनलाल बुधवार सुबह दस बजे पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत पूर्व सांसद धर्मपाल सिंह मलिक, रामजीलाल, जंगबीर सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. धर्मबीर यादव, पूर्व विधायक अमीरचंद मक्कड़, सूबे सिंह पूनिया व मूलाराम, युवा प्रदेशाध्यक्ष राकेश भडाना, संजय गौतम, मंगतराम लालवास जैसे नेताओं के अलावा सभी जिलाध्यक्षों व पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जंतर-मंतर पंहुचे।

वहां करीब पौने दो बजे तक चले क्रमिक अनशन में सभी ने एक स्वर में राज्य सरकार की भूमि अधिग्रहण नीति की आलोचना करते हुए कहा कि प्रदेश में किसानों की जमीन का सस्ते दामों पर अधिग्रहण करके बड़े बिल्डरों व उद्योगपतियों को जमीनें आवंटित की जा रही हैं। यह देश में सदी का सबसे बड़ा घोटाला है।

उन्होंने जबरन अधिग्रहण रोकने, जमीनों के लिए बाजार भाव का भुगतान, रोजगार एवं विकास के समान अवसर मुहैया कराने की तत्काल मांग की है। एसवाईएल का पानी तत्काल दिलाने, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गो की मदद करने, कर्मचारियों एवं व्यापारियों की मांगंे पूरी करने और महंगाई व भ्रष्टाचार पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की।

05 मार्च, 2011

बारिश के बावजूद कुलदीप ने की नुक्कड़ सभाएं

एनबीटी न्यूज ॥ हिसार : हरियाणा जनहित कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने कहा है कि जनहित यात्रा के दौरान प्रदेश के प्रत्येक जिले व हलके में लोगों द्वारा हमारा जोरदार स्वागत किया जा रहा है। इससे साबित हो गया है कि जनता भूपेंद्र सिंह हुड्डा व ओमप्रकाश चौटाला की मिलीभगत से तंग आ चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता का यह प्यार व समर्थन ही मेरी ताकत है और मैं प्रदेशवासियों के इस अहसान का पाई-पाई चुकाऊंगा। वे शुक्रवार को हिसार जिले के गांव मंगाली, भोजराज, धमाना, नलवा और भिवानी जिले के गांव खानक, तोशाम, सांगवान मोड़, बीरण व बापोड़ा में यात्रा के स्वागत में उमड़े लोगों की नुक्कड़ सभाओं को संबोधित कर रहे थे। सुबह से बारिश शुरू होने के बावजूद प्रत्येक गांव में लोगों ने पूरी गर्मजोशी के साथ यात्रा का स्वागत किया गया।

राजनीति के मायने बदलने आया हूं : बिश्नोई

हिसार. जनहित यात्रा का मकसद किसी से वोट मांगना नहीं है, बल्कि ये तो राजनीति के मायने बदलने के लिए पहुंची है। यह बात हजकां सुप्रीमो कुलदीप बिश्नोई ने जनहित यात्रा के हिसार पहुंचने पर नागोरी गेट पर कार्यकर्ताओं से कही।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और इनेलो अध्यक्ष ओमप्रकाश चौटाला आए दिन एक दूसरे के खिलाफ बयान देकर लोगों को बरगलाने का प्रयास कर रहे हैं। लोग जानते है कि बयानबाजी से उनका भला नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि चौटाला के शासनकाल में तत्कालीन कांग्रेस ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार व गुंडागर्दी के आरोप लगाकर चार्जशीट तैयार की थी। मगर उस पर आजतक कोई कदम नहीं उठाए गए।

हजकां जनता के दुख-तकलीफों को भली-भांति जानती है। जनहित यात्रा गुरुवार को आदमपुर से चलकर बालसमंद और आर्यनगर होते हुए हिसार पहुंची। नागोरी गेट पर रामनिवास राडा ने बिश्नोई का मुकट पहना स्वागत किया।

यात्रा में पूर्व सांसद धर्मपाल सिंह मलिक, पंडित रामजीलाल, पूर्व विधायक अमीर चंद मक्कड़, सूबे सिंह, देवीलाल बिश्नोई, संजय गौतम, जिलाध्यक्ष रणधीर पनिहार, सत्यनारायण गुर्जर, किशनलाल, गुलजार काहलो, सुशील कौशिक सहित अनेक नेता मौजूद थे। इससे पहले पत्रकारों को संबोधित करते हुए कुलदीप ने कहा कि मेरा मुकाबला किसी विधायक से नहीं स्वयं मुख्यमंत्री से है। वह इस्तीफा देकर प्रदेश में कहीं से भी उनके साथ चुनाव लड़कर देख लें।

समान विकास के लिए कानून बने : कुलदीप

- बिश्नोई ने जनहित यात्रा के दौरान गुरुवार को कई जनसभाओं को संबोधित किया
एनबीटी न्यूज ॥ हिसार
हरियाणा जनहित कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि विधानसभा में प्रस्ताव पारित करके प्रदेश के सभी जिलों में समान विकास करवाने और सबको रोजगार के अवसर देने के लिए कानून बनाया जाए। वे जनहित यात्रा के दौरान गुरुवार को आदमपुर, बालसमंद व हिसार में हुई जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।
कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि एचजेसी के पांचों दलबदलू विधायक और कांग्रेस उपचुनाव से डरकर भाग रहे हैं। इसलिए वे विधायकों की सदस्यता रद्द होने संबंधी मामले को अनावश्यक लटका रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह से डरकर भागने वालों को हर हाल में जनता के दरबार में लाएंगे। हाल ही में सत्तासीन कांग्रेस छोड़कर एचजेसी में शामिल हुए हांसी के पूर्व एमएलए अमीर चंद मक्कड़ ने आदमपुर की जनसभा में सरकार की जमकर खिलाफत की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश व प्रदेश में लूट मचा रखी है। नौकरियों की सरेआम बोली लग रही है। मैं सरकार के काम को गहराई से देखने के बाद अपने घर वापस आ गया हूं। उन्होंने अपील की कि जो लोग जाने-अनजाने में 36 बिरादरी की पार्टी एचजेसी को छोड़कर चले गए हैं वे भी मेरी तरह अपने घर वापस लौट आएं। एचजेसी का साथ देने में ही हम सबकी भलाई है।

24 फ़रवरी, 2011

हरियाणा में मध्यावधि चुनाव तय : बिश्नोई

एनबीटी न्यूज॥ कुरुक्षेत्र : हरियाणा में मध्यावधि चुनाव होने तय हैं क्योंकि हरियाणा जनहित कांग्रेस से कांग्रेस में शामिल हुए पांचों विधायकांे व सात निर्दलीय विधायकांे की सदस्यता दलबदल कानून के तहत समाप्त होकर रहेगी। यह दावा एचजेसी सुप्रीमो कुलदीप बिश्नोईर् ने यमुनानगर समेंत कई जगह पत्रकारों को संबोधित करते हुए किया है।
बिश्नोई ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्रसिंह हुड्डा चाहे स्पीकर बदल दें या ओर कोई हथकंडा अपना लें लेकिन कांग्रेस में शामिल हुए विधायकों का जाना तय है। हाईकोर्ट का स्पीकर को चार माह में फैसला सुनाने का निर्देश ऐतिहासिक है क्योंकि आज तक किसी भी न्यायालय ने ऐसे मामलों में समयबद्ध निर्देश नहीं जारी किए हैं। 12 विधायकों के निष्कासित होने के बाद निश्चित तौर पर राज्य में मध्यावधि चुनाव होंगे। राज्य में इस समय कांग्रेस का विकल्प एचजेसी ही है और आमलोग पार्टी से उम्मीद लगाए बैठे हैं।
उन्हांेने कहा कि पिछले छह सालों में कांग्रेस सरकार ने जहां क्षेत्रवाद को बढ़ावा दिया वहीं विकास के नाम पर एक ईंट नहीं लगाई। इससे लोगांे का कांग्रेस से मोहभंग हो गया है। पढे़-लिखे वोटरों की तादाद बढ़ रही है और उनका झुकाव एचजेसी की तरफ ही है।
बिश्नोई ने कहा कि राज्य की भूमि अधिग्रहण नीति का सबसे ज्यादा नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है। किसानों की जमीन पहले धारा 4 और फिर 6 लगाकर अधिग्रहण की जाती है और फिर बिल्डर्स को बेच दी जाती है। मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि राज्य की भूमि अधिग्रहण नीति पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है लेकिन ये यह झूठ का पुलिंदा है क्योंकि जहां भी भूमि अधिग्रहण होता है वहां के लोगों को दूसरे स्थान पर जगह देकर बसाया जाता है और बाजार की कीमत पर जमीन के भाव दिए जाते है लेकिन राज्य में ऐसा नहीं किया जा रहा है। एचजेसी सुप्रीमो बोले, मुख्यमंत्री का यह कहना दुर्भाग्यपूर्ण है कि भूमि अधिग्रहण नीति का विरोध करने वाले प्रॉपर्टी डीलर हैं। आरोप लगाया कि राज्य में सबसे बड़े प्रॉपर्टी डीलर मुख्यमंत्री ही हैं जो पिछले छह साल से जमीन बेचने में लगे हुए हैं। भूमि अधिग्रहण का विरोध करने वाले किसान खुदकुशी कर रहे हैं। हार्टअटैक से उनकी मौत हो रही है लेकिन सरकार उनको प्रॉपर्टी डीलर बता रही है। बिश्नोई ने चेतावनी दी कि अगर आगामी बजट में हाउस टैक्स का प्रावधान किया गया तो इसका डटकर विरोध किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व सांसद धर्मपाल मलिक, देवीलाल बिश्नोेई भी मौजूद थे।

23 फ़रवरी, 2011

‘सरकार की नींद उड़ा देगी जनहित यात्रा’

शहजादपुर-नारायणगढ़। हरियाणा जनहित कांग्रेस के मुखिया कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि वर्तमान सरकार से प्रत्येक वर्ग दु:खी है, प्रदेश में आज नाममात्र की सरकार है। सरकार की आंखें खोलने के लिए ही हजकां ने जनहित यात्रा शुरू की है। यह यात्रा सरकार की रातों की नींद उड़ा देगी। बिश्नोई ने यात्रा के दौरान गांव बड़ागढ़ में यह बात कही।

वे स्वयं ट्रैक्टर पर सवार होकर कार्यकर्ताओं के साथ जगह—जगह लोगों का अभिवादन स्वीकारते चल रहे थे। उन्होंने बताया कि आज प्रदेश में 5 मुख्य मुददे हैं जिनको लेकर हजकां संघर्ष कर रही है। प्रथम, आज आम व्यक्ति की कोई सुनवाई नहीं है। केवल रोहतक एवं किलोई का विकास हो रहा है। हजकां इस भेदभाव को दूर करेगी।

दूसरा, हजकां चाहती है कि उपजाऊ भूमि का अधिग्रहण न हो। तीसरा, भ्रष्टाचार एवं मंहगाई का मुद्दा है। आम व्यक्ति का राजनेता से विश्वास उठता जा रहा है। इसके अलावा एसवाईएल, चंडीगढ़ के मुद्दे ऐसे हैं जिनको लेकर सरकार ने लोगों को लंबे अरसे से गुमराह किया है। उन्होंने कहा कि हजकां का मकसद अपने बलबूते पर आगे बढ़ने का है।

जनता ने पिछले विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों में हजकां का भरपूर साथ दिया था। जनहित यात्रा के बाद प्रदेश की व्यवस्था में बड़ा परिवर्तन आएगा। इस दौरान पूर्व सांसद धर्मपाल मलिक, राकेश भडाना, दलबीर वाल्मिकी, अशोक बरतीया, अम्बाला जिला अध्यक्ष भूम सिंह राणा, नरेश राणा बड़ागढ़, संजीव शर्मा, राजकुमार बडागढ़ ,रमेश शर्मा उपस्थित थे।

वहीं नारायणगढ़ में कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस के सभी प्रलोभन त्यागकर जनता के हित के लिए लड़ने का निर्णय लिया था। सब्जी मंडी में जनसभा को संबोधित करते हुए बिश्नोई बोले कि हजकां छोड़ने वाले पांच विधायक सिर्फ पांच दिन और इंतजार करते तो हरियाणा की तस्वीर कुछ और होती क्योंकि हमारा मकसद सत्ता हासिल करना नहीं बल्कि जनता की लड़ाई लड़ना है।

सत्ता हासिल करने का मकसद होता तो छह साल पहले ही भजन लाल को राज्यपाल के पद व मुझे केंद्र में मंत्री बनने की ऑफर थी।

कमजोर प्रधानमंत्री हैं मनमोहन : कुलदीप


नारायणगढ़। जनहित कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि देश का दुर्भाग्य है कि प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार पर नकेल डालने की बजाए आपनी मजबूरी व कमजोरी जगजाहिर कर रहे हैं। इससे साबित होता है कि देश की सत्ता बेहद कमजोर हाथों में है। उन्होंने कहा कांग्रेस ने देश में भ्रष्टाचार व महंगाई को फैला दिया है।

नारायणगढ़ के रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि जनहित कांग्रेस के टिकट पर चुनकर कांग्रेस को समर्थन देने वाले पांचो विधायक डिस्क्वालीफाई होंगे और इससे हुड्डा सरकार भी गिर जाएगी। उन्होने कहा कि प्रदेश में फैल रहे भ्रष्टाचार व मंहगाई तथा जनता के साथ हो रहे भेदभाव को लेकर हमारी पार्टी ने सोमवार को कालका से जनहित यात्रा शुरू की है।

यह यात्रा पूरे प्रदेश का दौरा कर दिल्ली में धरना देगी तथा नौ मार्च को हरियाणा के पूर्व सीएम चौ. भजन लाल के नेतृत्व में राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा जाएगा। हमारा मकसद सत्ता हासिल करना नहीं बल्कि जनता की लड़ाई लड़ना है।

प्रदेश के सीएम पूंजीपत्तियों को लाभ पहुंचाने के लिए भूमि अधिग्रहण का खेल खेल रहे हैं और यह किसानों के लिए ठीक नहीं है। इस मौके पर पूर्व सांसद धर्मपाल सिंह मलिक, दलबीर, राकेश भडाना, भूम सिंह राणा, संजीव शर्मा, राज कुमार आदि मौजूद थे।

22 फ़रवरी, 2011

बिश्नोई ने पिंजौर से शुरू की जनहित यात्रा

9 मार्च को जंतर-मंतर पर मौन धरना देगी हरियाणा जनहित कांग्रेस
एनबीटी न्यूज ॥ चंडीगढ़ : हरियाणा जनहित कांग्रेस (एचजेसी) ने प्रदेशवासियों के हितों से जुड़े पांच मुद्दों को लेकर सोमवार को पिजौंर से जनहित यात्रा शुरू कर दी है। यात्रा का नेतृत्व पार्टी अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई कर रहे हैं।
यात्रा के पहले दिन बिश्नोई को पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के मजबूत गढ़ रह चुके इस इलाके में अच्छा समर्थन मिला। उनके काफिले में 121 टै्रक्टरों के साथ काफी संख्या में पार्टी नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए। पिंजौर से शुरू होकर यात्रा पंचकूला, रामगढ़, रायपुर रानी होते हुए नारायणगढ़ पहुंची। जनहित यात्रा ने पंचकूला जिले से निकलकर अंबाला जिले में प्रवेश किया। यात्रा के मार्ग में हुई जनसभाओं में पार्टी अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि यात्रा के माध्यम से सबका समान विकास व समान रोजगार के अवसर देने, जबरन भूमि अधिग्रहण पर रोक लगाने व अधिग्रहीत जमीन को बाजार भाव के अनुसार मूल्य देने, भ्रष्टाचार को खत्म करने व महंगाई कम करने, एसवाईएल का मामला कहीं लंबित नहीं इसलिए प्रदेश में इसका पानी लाने, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गाेें को मदद दिलाने व कर्मचारियों और व्यापारियों को न्याय दिलाने की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनहित यात्रा के माध्यम से प्रदेश की जनता को सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट किया जाएगा।
कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि विकास हो या फिर रोजगार सिर्फ एक हलके में सिमटकर रह गया है और प्रदेश के बाकी क्षेत्रों के साथ घोर भेदभाव किया जा रहा है। किसानों की उपजाऊ व बेशकीमती भूमि को कौडि़यों के भाव हड़पा जा रहा है और विभिन्न जिलों के किसान मजबूरन सड़क पर उतरने को मजबूर हैं। केंद्र व राज्य की कांग्रेसी सरकारों में भ्रष्टाचार व महंगाई चरम पर है। आए दिन अरबों रुपए के घोटाले उजागर हो रहे हैं और लोगों के दैनिक प्रयोग की वस्तुओं व रसाई के सामान की कीमतें आसमान छू रही हैं जिससे आम आदमी का जीना दूभर हो चुका है।
आगामी 9 मार्च को दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक दिन का मौन धरना देकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर यात्रा संपन्न हो जाएगी।

18 फ़रवरी, 2011

21 से जनहित यात्रा

एनबीटी न्यूज ॥ हिसार :


हरियाणा जनहित कांग्रेस के सीनियर नेता व पूर्व सांसद धर्मपाल सिंह मलिक ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई की अगुवाई में 21 फरवरी से शुरू होने वाली जनहित यात्रा को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। उनके मुताबिक इस यात्रा से प्रदेश में राजनीतिक बदलाव आएगा। सिंह मंगलवार को भजनलाल के आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं की जिलास्तरीय बैठक को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि बैठक में यात्रा के 3 मार्च को हिसार जिले के आगमन को लेकर पार्टी नेताओं व कार्यकर्त्ताओं की ड्यूटियां लगाई गई हैं।

एसईजेड मामले में हजकां की याचिका स्वीकार

नई दिल्ली. विशेष आर्थिक परिक्षेत्र (एसईजेड) मामले में माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने हरियाणा जनहित कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई द्वारा दायर याचिका को स्वीकार कर लिया है।




अदालत ने इस केस की सुनवाई करते हुए इससे संबंधित अन्य सभी मामलों को भी इसी केस के साथ अटैच कर दिया है। कुलदीप बिश्नोई के वकील व सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता निधेश गुप्ता ने बताया कि अब एसईजेड से संबंधित देश भर के सभी मामलों की सुनवाई इस केस के साथ ही होगी।



पार्टी अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने बताया कि अदालत द्वारा एसईजेड संबंधी केस सब्मिट करने से उनकी किसानों के हितों के लिए जारी लड़ाई को भारी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि हम भारतीय संविधान में पूरी निष्ठा रखते हैं तथा हमें पूरी उम्मीद है कि अब देश की न्यायपालिका ही किसानों को लालची सत्ताधारियों व बड़ी कंपनियों से उनका हक दिलाएगी।



उन्होंने बताया कि न्यायालय में दायर केस के माध्यम से भूमि अधिग्रहण नीति में संशोधन करने, किसानों की उपजाऊ भूमि के अधिग्रहण पर रोक लगाने, एसईजेड के नाम पर सत्ता पक्ष द्वारा उद्योगपतियों को नाजायज लाभ देने पर अंकुश लगाने, रिलायंस जैसी बड़ी कंपनियों द्वारा कौड़ियों के भाव हड़पी गई बेशकीमती भूमि का हस्तांतरण निरस्त करने की मांग की गई है। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि पार्टी द्वारा जनहितों के लिए लड़ाई निरंतर जारी रहेगी।

12 अप्रैल, 2010

क्षेत्रवाद व भ्रष्टाचार पूर्ण नीतियों से बाज आएं हुड्डा

रविंदर सिंह भाटिया हरियाणा जनहित कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को क्षेत्रवाद व भ्रष्टाचार पूर्ण नीतियों से बाज आना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री समूचे प्रदेश का नेतृत्व करता है जबकि भूपेंद्र सिंह हुड्डा विकास व रोजगार के मामले में किलोई हलके को छोड़कर समूचे प्रदेश की अनदेखी कर रहे हैं। हाल ही में राज्य सरकार के शिक्षा विभाग ने करीब 2000 पीटीआई टीचर्स की भर्ती की है।
भर्ती में घोर अनियमितताएं बरती गई हैं जिससे अयोग्य लोगों को तो नियुक्ति मिल गई किंतु उच्च योग्यता रखने वाले क्षेत्रवाद व भ्रष्टाचार का शिकार बनकर बेरोजगार ही रह गए। उन्होंने कहा कि केंद्र की कांग्रेस सरकार शिक्षा की अनिवार्यता का राग अलाप रही है जबकि प्रदेश की कांग्रेसी सरकार उच्च शैक्षिक योग्यता वाले उम्मीदवारों की अनदेखी कर रहे हैं। ऐसे में अनिवार्य शिक्षा का क्या औचित्य रह गया है।
हजकां अध्यक्ष ने कहा कि पीटीआई टीचर्स की यह भर्ती पिछले पांच साल से लंबित थी। पहले भर्ती के लिखित परीक्षा का प्रावधान रखा गया किंतु अपने चहेतों को नौकरियां देने के लिए इस परीक्षा को समाप्त कर दिया गया। इसके अतिरिक्त शुरू में 66 प्रतिशत अंक वालों को ही आवेदन का अधिकार दिया गया था किंतु बाद में इस बाध्यता को भी समाप्त कर दिया गया।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने चहेतों को भर्ती का लाभ देने के लिए 60 अंक शैक्षिक योग्यता के तथा 30 अंक साक्षात्कार के निर्धारित किए गए। भर्ती की नियुक्ति में गेस्ट टीचर्स को तवज्जो नहीं दी गई और उच्च शैक्षिक योग्यता वालों को भी दरकिनार किया गया। मैट्रीक पास को नियुक्ति दे दी गई। ऐसे में एमफिल व पीएचडी योग्यता वाले बेरोजगार ही रह गए।
कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा की भ्रष्ट व अपरिपक्व नीतियों के कारण आज प्रदेश भीषण आर्थिक संकट के कगार पर खड़ा है। उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष के बजट से पहले ही प्रदेश पर करीब 17 हजार करोड़ रुपए का कर्ज था जो वार्षिक बजट के मिस-मैनेजमेंट के कारण और अधिक बढ़ गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की वित्तीय स्थिति पूरी तरह डगमगा गई है और नौबत यह आ चुकी है कि सरकार को अब कर्ज लेने के लिए बोली लगवानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि यही हालात रहे तो आने वाले कुछ सालों में प्रदेश पर कर्ज का बोझ इतना बढ़ जाएगा कि सरकारी व सार्वजनिक क्षेत्र की संपत्ति को भी बेचना पड़ेगा।

रिलांयस को स्टांप ड्यूटी रिफंड गलत

Bhaskar News
हरियाणा जनहित कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने कहा है कि मुख्यमंत्री की अपरिपक्व नीतियों के कारण राज्य गंभीर आर्थिक संकट के कगार पर खड़ा है। उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष के बजट से पहले ही प्रदेश पर करीब 17 हजार करोड़ रुपए का कर्ज था जो वार्षिक बजट के मिस मैनेजमेंट के कारण और अधिक बढ़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हुड्डा ने व्यक्तिगत लाभ के लिए पहले एसईजेड के नाम पर जमीन अरबों रुपए की जमीन रिलायंस कंपनी को कौड़ियों के भाव सौंप कर मोटा कमीशन खाया और अब स्टांप ड्यूटी के रूप में प्राप्त हुआ 70 करोड़ रुपए से भी अधिक का राजस्व लौटा कर राज्य के खजाने को मोटी चपत लगाई जा रही है।

05 अप्रैल, 2010

सीएम का भी हो नार्का टेस्ट

भास्कर न्यूज& महेंद्रगढ़
हजकां सुप्रीमो कुलदीप बिश्नोई ने कहा है कि अशोक श्योराण के साथ- साथ मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा का भी नार्को टेस्ट होना चाहिए। साथ ही इसकी सीबीआई जांच की जानी चाहिए।
वे चंडीगढ़ में प्रदर्शन के दौरान घायल तथा जेल में बंद रहे कार्यकर्ताओं का हालचाल पूछने रविवार को महेंद्रगढ़ आए थे। कमल तिवाड़ी के निवास पर उन्होंने कहा हरियाणा राज्य के अलावा अन्य राज्यों में इस तरह की टॉस्क फोर्स नहीं है। श्योराण स्वयं किसी बड़े राजनेता के संरक्षण के बिना इस तरह का कार्य नहीं कर सकते। विधानसभा चुनाव में हजकां के चुने गए 5 विधायकों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी की नीति स्पष्टï थी, परंतु धन के लालच ने उनका ईमान डिगा दिया। स्पीकर ने पांचों विधायकों को चार हफ्ते में अपना जवाब देने का नोटिस देने को कहा गया है, जिसकी अवधि समाप्त हो रही है। इसके बाद हजकां उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक मूलाराम, रोशनलाल, कुसुम शर्मा, दयाशंकर तिवाड़ी, चेतनप्रकाश गौड़, जगदीश शर्मा, रूद्रपाल, ज्ञानादेवी, शकुंतला पुजारण, सकीना खान,रूद्रपाल सिंह तंवर, संजय बिढाट,राधेश्याम सैनी, विष्णुशर्मा,महेंद्र प्रजापत,मांगे तिवाड़ी, राजेन्द्र तिवाड़ी,पंडित राधे आदि उपस्थित थे।

24 मार्च, 2010

घायल हुए कार्यकर्ता होंगे सम्मानित

गोहाना& हरियाणा जनहित कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव रणजीत कौशिक ने बताया कि गत 5 मार्च को विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस की कार्रवाई में घायल हुण् कार्यकर्ताओं को पार्टी द्वारा आगामी एक मई को कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले सम्मेलन में सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा पुलिस द्वारा हजकां कार्यकर्ताओं के वाहनों को क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले को लेकर हजकां द्वारा अदालत का दरवाजा खटखटाया जाएगा। रणजीत कौशिक ने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व वाली प्रदेश कांग्रेस सरकार ने यह सिद्ध कर दिया है कि उनके खिलाफ जनहित में उठने वाली हर आवाज को वह गोलियों अथवा लाठियों के दम पर दबाने में चूक नहीं करेंगे। कौशिक ने कहा कि पार्टी को संघर्ष के सभी साथियों पर गर्व है। उनके अनुसार लाठीचार्ज के दौरान घायल हुए कार्यकर्ताओं को न केवल कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले सम्मेलन में सम्मानित किया जाएगा बल्कि पार्टी सुप्रीमो कुलदीप बिश्नोई स्वयं प्रत्येक कार्यकर्ता के घर जाएंगे। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मास्टर रामपाल रूखी, समुंद्र सिंह मलिक तथा रमेश वशिष्ठ समेत कई पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।

23 मार्च, 2010

आदमपुर से भेदभाव : बिश्नोई

भास्कर न्यूज & मंडी आदमपुर
हजकां सुप्रीमो एवं आदमपुर के विधायक कुलदीप बिश्नोई ने कहा है कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा क्षेत्रवाद को बढ़ावा देकर आदमपुर हलके से भेदभाव कर रहे हैं। लोगों को पीने के पानी और बिजली जैसी जरूरतों से भी वंचित रखा जा रहा है। बिश्नोई सोमवार को अनाज मंडी में अपने प्रतिष्ठान पर जनसमस्याएं सुन रहे थे।

हजकां सुप्रीमो ने कहा कि जनता के सहयोग एवं समर्थन का वे जीवनभर ऋणी रहेंगे तथा समय आने पर यह ऋण सूत समेत लौटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज देश में महंगाई का बोलबाला है तथा आम आदमी को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी वंचित होना पड़ रहा है। पूरा हरियाणा बिजली-पानी को तरस रहा है जबकि मुख्यमंत्री केवल दिल्ली दरबार में हाजिरी लगाने में मशगूल हैं। उन्हें जनता के हितों से कोई लेना-देना नहीं है। आज प्रदेश में अपना हक मांगने वाले लोगों पर लाठियां बरसाई जाती है। जनता के रक्षक ही भक्षक बने हुए हैं। यह सब सरकार के इशारे पर हो रहा है।
बिश्नोई ने कहा कि आदमपुर क्षेत्र के साथ हुड्डा सरकार भेदभाव कर रही है तथा हलके को विकास के मामले में पीछे धकेलना चाहती है। उन्होंने ग्रामीणों से कुशलक्षेम पूछते हुए उनकी समस्याएं जानी तथा जल्द समाधान का आश्वासन दिया।