05 मार्च, 2011

समान विकास के लिए कानून बने : कुलदीप

- बिश्नोई ने जनहित यात्रा के दौरान गुरुवार को कई जनसभाओं को संबोधित किया
एनबीटी न्यूज ॥ हिसार
हरियाणा जनहित कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि विधानसभा में प्रस्ताव पारित करके प्रदेश के सभी जिलों में समान विकास करवाने और सबको रोजगार के अवसर देने के लिए कानून बनाया जाए। वे जनहित यात्रा के दौरान गुरुवार को आदमपुर, बालसमंद व हिसार में हुई जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।
कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि एचजेसी के पांचों दलबदलू विधायक और कांग्रेस उपचुनाव से डरकर भाग रहे हैं। इसलिए वे विधायकों की सदस्यता रद्द होने संबंधी मामले को अनावश्यक लटका रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह से डरकर भागने वालों को हर हाल में जनता के दरबार में लाएंगे। हाल ही में सत्तासीन कांग्रेस छोड़कर एचजेसी में शामिल हुए हांसी के पूर्व एमएलए अमीर चंद मक्कड़ ने आदमपुर की जनसभा में सरकार की जमकर खिलाफत की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश व प्रदेश में लूट मचा रखी है। नौकरियों की सरेआम बोली लग रही है। मैं सरकार के काम को गहराई से देखने के बाद अपने घर वापस आ गया हूं। उन्होंने अपील की कि जो लोग जाने-अनजाने में 36 बिरादरी की पार्टी एचजेसी को छोड़कर चले गए हैं वे भी मेरी तरह अपने घर वापस लौट आएं। एचजेसी का साथ देने में ही हम सबकी भलाई है।

कोई टिप्पणी नहीं: