29 मार्च, 2011

हुड्डा और कैप्टन इस्तीफा दें : कुलदीप

पानीपत. हरियाणा जनहित कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि आए दिन उजागर हो रहे घोटालों के कारण केंद्र व राज्य सरकार का भ्रष्ट चेहरा जनता के सामने स्पष्ट हो गया है।

इसलिए मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व वित्त मंत्री कैप्टन अजय यादव इस्तीफा दें अन्यथा महामहिम राज्यपाल उन्हें तुरंत प्रभाव से बर्खास्त करें। उन्होंने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने जज निर्मल यादव के मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय बेंच गठित की थी। बेंच में इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज एचएल भूखले, गुजरात हाईकोर्ट के जज केएस राधाकृष्णन व दिल्ली हाईकोर्ट के जज मदन बी लाकूर को शामिल किया गया था। इस बेंच ने अपनी जांच रिपोर्ट में साफ तौर पर प्रदेश के वित्त मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव की भूमिका को संदिग्ध माना है।

रिपोर्ट में बताया गया है कि जांच कर रहे न्यायाधीशों के समक्ष तहसीलदार सतीश कुमार ने बयान दिया है कि वित्त मंत्री ने बार-बार फोन करके नियमों की अवहेलना करने के लिए दबाव बनाया था। रिपोर्ट में कहा गया है कि विवादित जमीन के कॉ-परचेजर वित्त मंत्री खुद, उनकी पत्नी, पुत्र व पुत्री तथा दिल्ली के बिजनेसमैन रवींद्र सिंह हैं।

प्रदेश के वित्त मंत्री के लिए ऐसी स्थिति अत्यंत गंभीर है और उन्हें एक पल भी मंत्री पद पर बने रहने का अधिकार नहीं। या तो वे इस्तीफा दें अन्यथा महामहिम राज्यपाल उन्हें बर्खास्त करें। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि भूमि अधिग्रहण मामले में भी वित्त मंत्री दोहरी नीति अपना रहे हैं। वे किसानों की उपजाऊ जमीन बचाने के लिए संघर्ष करने की बजाय कोरी बयानबाजी कर रहे हैं।

21 मार्च, 2011

मुझे भी पैसे का ऑफर मिला था : कुलदीप

एनबीटी न्यूज हिसार
हरियाणा जनहित कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि परमाणु करार को लेकर तत्कालीन संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार को अपना बहुमत सिद्ध करना था , तब मैं भिवानी से सांसद था। उस समय मैंने खुले तौर पर कांग्रेस की मनमानी नीतियों के खिलाफ बोलना शुरू कर दिया था। इसलिए संसद में विश्वास मत हासिल करने के लिए तब मुझे भी सरकार का समर्थन करने के लिए पैसे का लालच दिया गया था। इसका खुलासा मैंने तब सार्वजनिक रूप से किया था। कुलदीप शुक्रवार को अपने आवास पर पार्टी के जिला प्रधानों की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

बैठक में पार्टी संगठन को मजबूत करने कार्यकारिणी का पुनर्गठन करने को लेकर विचार - विमर्श किया गया। उन्होंने बताया कि 15 अप्रैल तक सभी जिला मुख्यालयों पर पार्टी कार्यालयों की स्थापना कर दी जाएगी। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि केंद्र राज्य की कांग्रेसी सरकार द्वारा किए जाने वाले घोटाले ही सरकार के पतन का कारण बनेंगे क्योंकि लोग कांग्रेस की भ्रष्ट नीतियों से तंग चुके हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी गोरखपुर के परमाणु संयंत्र का शुरू से विरोध करती आई है। उन्होंने कहा कि सस्ती ऊर्जा देने के नाम पर मानवता के साथ खिलवाड़ नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि जापान में हाल ही में उत्पन्न हुई भीषण स्थिति किसी से छिपी नहीं है , इसलिए आबादी वाले क्षेत्र में परमाणु संयंत्र की स्थापना सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री हुड्डा की भूमि अधिग्रहण नीति यदि विश्व में सर्वश्रेष्ठ होती तो विभिन्न जिलों के किसान इस नीति के खिलाफ सड़क पर उतरने को मजबूर नहीं होते। उन्होंने कहा कि एचजेसी विधायकों के दलबदल मामले में माननीय न्यायालय पूरी निगरानी कर रहा है , इसलिए इन विधायकों का जाना तय है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता विधानसभा उपचुनाव के लिए तैयार रहें।

14 मार्च, 2011

मान व कौशिक हजकां से निष्कासित

पानीपत. हरियाणा जनहित कांग्रेस नेतृत्व ने पार्टी के कार्यक्रमों में हिस्सा न लेने और पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त नेताओं से सख्ती से निपटने की तैयारी कर ली है।

पार्टी की अनुशासन समिति ने शुक्रवार को पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रणसिंह मान व पार्टी के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता सतपाल कौशिक को निष्कासित कर दिया है। समिति के चेयरमैन मंगतराम लालवास की अध्यक्षता में हुई बैठक में समिति सदस्यों सुरेश शर्मा व दलबीर वाल्मीकि ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया। समिति के चेयरमैन मंगतराम लालवास ने कहा कि पार्टी में अनुशासहीनता को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं के खिलाफ पार्टी को निरंतर शिकायतें मिल रहीं थी। इस संबंध में उनको पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था जिसका कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पार्टी संरक्षक व पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल व पार्टी अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई से विचार-विमर्श करने के बाद उक्त दोनों नेताओं को निष्कासित किया गया है।

उपचुनाव से टाल-मटोल कर रहे कांग्रेसी: बिश्नोई

चंडीगढ़. हरियाणा जनहित कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा उपचुनाव से टाल-मटोल कर रहे हैं। इसलिए असंवैधानिक तरीके से हजकां छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वाले विधायकों के मामले को टालने की हर संभव कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि नए विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा भी अपने पद की गरिमा भूलकर कांग्रेस कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं। वे भी हजकां के पांच विधायकों के मामले में टाल-मटोल कर रहे हैं। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि दलबदलू विधायकों की सदस्यता हर हाल में रद्द करवाई जाएगी। विधानसभा अध्यक्ष द्वारा मामले को गंभीरता से न लेने को लेकर माननीय उच्च न्यायालय को भी अवगत करवाया जाएगा।

हजकां अध्यक्ष ने बताया कि नए विधानसभा अध्यक्ष को 8 मार्च को मामले की आगामी सुनवाई करनी थी। इस सुनवाई के संबंध में दोनों पक्षों को लिखित रूप से सूचना दी गई थी। सुनवाई के लिए हजकां की तरफ से वरिष्ठ अधिवक्ता सतपाल जैन, धीरज जैन व देवेश मुद्गिल उपस्थित थे।

हजकां की ओर से मौजूद वकीलों द्वारा स्पीकर को बताया गया कि पहले ही मामले को 15 महीने बीत चुके हैं। उच्च न्यायालय में सुनवाई की तिथि पांच अप्रैल है, इसलिए तुरंत निर्णय लिया जाए। उन्होंने स्पीकर को बताया कि इस तरह के दल-बदल के मामलों में माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने तीन सप्ताह में निपटाने के निर्देश दिए हैं।

इसके अतिरिक्त भारत के अतिरिक्त महाअधिवक्ता ने भी पंजाब-हरियाणा उच्च न्यायालय को विश्वास दिलाया था कि स्पीकर मामले का जल्द निपटारा करेंगे। इन सब तथ्यों को ध्यान में रखकर मामले की सुनवाई स्थगित करने की बजाय तुरंत निर्णय लिया जाना चाहिए। इसके बावजूद स्पीकर ने मामले को लंबा खींचने के लिए सुनवाई स्थगित कर दी।

भजनलाल और कुलदीप ने दिया दिल्ली में धरना

नई दिल्ली. प्रदेश में 16 दिन की जनहित यात्रा के बाद हजकां संरक्षक भजनलाल व पार्टी सुप्रीमो कुलदीप बिश्नोई ने हरियाणा की हुड्डा सरकार की बर्खास्तगी की मांग को लेकर बुधवार को जंतर-मंतर पर क्रमिक अनशन करके राष्ट्रपति के नाम पांच सूत्री ज्ञापन दिया।

ज्ञापन में राज्य की स्थिति को नियंत्रण से बाहर करार देते हुए वहां तत्काल राष्ट्रपति शासन लागू किए जाने की मांग की गई है। इससे पहले कुलदीप व भजनलाल बुधवार सुबह दस बजे पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत पूर्व सांसद धर्मपाल सिंह मलिक, रामजीलाल, जंगबीर सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. धर्मबीर यादव, पूर्व विधायक अमीरचंद मक्कड़, सूबे सिंह पूनिया व मूलाराम, युवा प्रदेशाध्यक्ष राकेश भडाना, संजय गौतम, मंगतराम लालवास जैसे नेताओं के अलावा सभी जिलाध्यक्षों व पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जंतर-मंतर पंहुचे।

वहां करीब पौने दो बजे तक चले क्रमिक अनशन में सभी ने एक स्वर में राज्य सरकार की भूमि अधिग्रहण नीति की आलोचना करते हुए कहा कि प्रदेश में किसानों की जमीन का सस्ते दामों पर अधिग्रहण करके बड़े बिल्डरों व उद्योगपतियों को जमीनें आवंटित की जा रही हैं। यह देश में सदी का सबसे बड़ा घोटाला है।

उन्होंने जबरन अधिग्रहण रोकने, जमीनों के लिए बाजार भाव का भुगतान, रोजगार एवं विकास के समान अवसर मुहैया कराने की तत्काल मांग की है। एसवाईएल का पानी तत्काल दिलाने, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गो की मदद करने, कर्मचारियों एवं व्यापारियों की मांगंे पूरी करने और महंगाई व भ्रष्टाचार पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की।

05 मार्च, 2011

बारिश के बावजूद कुलदीप ने की नुक्कड़ सभाएं

एनबीटी न्यूज ॥ हिसार : हरियाणा जनहित कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने कहा है कि जनहित यात्रा के दौरान प्रदेश के प्रत्येक जिले व हलके में लोगों द्वारा हमारा जोरदार स्वागत किया जा रहा है। इससे साबित हो गया है कि जनता भूपेंद्र सिंह हुड्डा व ओमप्रकाश चौटाला की मिलीभगत से तंग आ चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता का यह प्यार व समर्थन ही मेरी ताकत है और मैं प्रदेशवासियों के इस अहसान का पाई-पाई चुकाऊंगा। वे शुक्रवार को हिसार जिले के गांव मंगाली, भोजराज, धमाना, नलवा और भिवानी जिले के गांव खानक, तोशाम, सांगवान मोड़, बीरण व बापोड़ा में यात्रा के स्वागत में उमड़े लोगों की नुक्कड़ सभाओं को संबोधित कर रहे थे। सुबह से बारिश शुरू होने के बावजूद प्रत्येक गांव में लोगों ने पूरी गर्मजोशी के साथ यात्रा का स्वागत किया गया।

राजनीति के मायने बदलने आया हूं : बिश्नोई

हिसार. जनहित यात्रा का मकसद किसी से वोट मांगना नहीं है, बल्कि ये तो राजनीति के मायने बदलने के लिए पहुंची है। यह बात हजकां सुप्रीमो कुलदीप बिश्नोई ने जनहित यात्रा के हिसार पहुंचने पर नागोरी गेट पर कार्यकर्ताओं से कही।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और इनेलो अध्यक्ष ओमप्रकाश चौटाला आए दिन एक दूसरे के खिलाफ बयान देकर लोगों को बरगलाने का प्रयास कर रहे हैं। लोग जानते है कि बयानबाजी से उनका भला नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि चौटाला के शासनकाल में तत्कालीन कांग्रेस ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार व गुंडागर्दी के आरोप लगाकर चार्जशीट तैयार की थी। मगर उस पर आजतक कोई कदम नहीं उठाए गए।

हजकां जनता के दुख-तकलीफों को भली-भांति जानती है। जनहित यात्रा गुरुवार को आदमपुर से चलकर बालसमंद और आर्यनगर होते हुए हिसार पहुंची। नागोरी गेट पर रामनिवास राडा ने बिश्नोई का मुकट पहना स्वागत किया।

यात्रा में पूर्व सांसद धर्मपाल सिंह मलिक, पंडित रामजीलाल, पूर्व विधायक अमीर चंद मक्कड़, सूबे सिंह, देवीलाल बिश्नोई, संजय गौतम, जिलाध्यक्ष रणधीर पनिहार, सत्यनारायण गुर्जर, किशनलाल, गुलजार काहलो, सुशील कौशिक सहित अनेक नेता मौजूद थे। इससे पहले पत्रकारों को संबोधित करते हुए कुलदीप ने कहा कि मेरा मुकाबला किसी विधायक से नहीं स्वयं मुख्यमंत्री से है। वह इस्तीफा देकर प्रदेश में कहीं से भी उनके साथ चुनाव लड़कर देख लें।

समान विकास के लिए कानून बने : कुलदीप

- बिश्नोई ने जनहित यात्रा के दौरान गुरुवार को कई जनसभाओं को संबोधित किया
एनबीटी न्यूज ॥ हिसार
हरियाणा जनहित कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि विधानसभा में प्रस्ताव पारित करके प्रदेश के सभी जिलों में समान विकास करवाने और सबको रोजगार के अवसर देने के लिए कानून बनाया जाए। वे जनहित यात्रा के दौरान गुरुवार को आदमपुर, बालसमंद व हिसार में हुई जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।
कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि एचजेसी के पांचों दलबदलू विधायक और कांग्रेस उपचुनाव से डरकर भाग रहे हैं। इसलिए वे विधायकों की सदस्यता रद्द होने संबंधी मामले को अनावश्यक लटका रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह से डरकर भागने वालों को हर हाल में जनता के दरबार में लाएंगे। हाल ही में सत्तासीन कांग्रेस छोड़कर एचजेसी में शामिल हुए हांसी के पूर्व एमएलए अमीर चंद मक्कड़ ने आदमपुर की जनसभा में सरकार की जमकर खिलाफत की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश व प्रदेश में लूट मचा रखी है। नौकरियों की सरेआम बोली लग रही है। मैं सरकार के काम को गहराई से देखने के बाद अपने घर वापस आ गया हूं। उन्होंने अपील की कि जो लोग जाने-अनजाने में 36 बिरादरी की पार्टी एचजेसी को छोड़कर चले गए हैं वे भी मेरी तरह अपने घर वापस लौट आएं। एचजेसी का साथ देने में ही हम सबकी भलाई है।