16 सितंबर, 2011

बीजेपी ने ही चौटाला को जीरो से हीरो बनाया था : शर्मा

एनबीटी न्यूज ॥ हिसार : हरियाणा के पूर्व शिक्षा मंत्री एवं हिसार लोकसभा सीट के लिए बीजेपी के प्रभारी प्रो. रामविलास शर्मा ने कहा कि चौटाला साहब बीजेपी को जीरो पार्टी कहकर संबोधित कर रहे हैं, जबकि इसी पार्टी ने उनको 24 जुलाई, 1999 को जीरो से हीरो बनाया था। क्षेत्र की जनता के बीच तो इस बात की भी आशंका जताई जा रही है कि कहीं अजय चौटाला चुनाव के मैदान से ही न भाग जाएं।

शर्मा ने बुधवार को यहां जाट धर्मशाला में पार्टी कार्यकर्त्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही। वहीं बीजेपी के प्रदेश महामंत्री वीर कुमार यादव ने कार्यकर्त्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और चुनाव में अपनी पूरी भागीदारी होने की बात को दोहराया। उन्होंने कहा कि कुलदीप बिश्नोई एक होनहार नवयुवक हैं। वह क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे।

राष्ट्रीय सचिव कैप्टन अभिमन्यु ने इस अवसर पर कहा कि भ्रष्टाचार, विदेशों में जमा काला धन, घोटालों, भूमि अधिग्रहण नीति, लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ती महंगाई, रसोई गैस, बिजली-पानी की समस्या आदि मुद्दों पर लड़े जाने वाले इस चुनाव में कांग्रेस की हालत पतली हो गई है। 

कोई टिप्पणी नहीं: