21 जून, 2011

कुलदीप बोले: अब कांग्रेस में क्या खाक जाएंगे

हिसार. हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां) के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने कांग्रेस में वापसी करने से साफ इंकार किया है। उनका कहना है कि चौधरी भजनलाल के रहते हुए कांग्रेस में वापसी नहीं की। अब तो सवाल ही नहीं उठता। हम हिसार लोकसभा चुनाव क्षेत्र से हर हाल में चुनाव लड़ेंगे और अपने ‘घर’ को पहले की तरह मजबूत रखेंगे।

कुलदीप आदमपुर में अपने पिता की याद में जागरण और भंडारा करने के बाद शाम को दिल्ली स्थित आवास पर चले गए थे। वहां से दैनिक भास्कर से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा—हजकां का किसी भी पार्टी में विलय नहीं होगा। चाहे वह कांग्रेस हो, बीजेपी हो या फिर कोई और। जहां तक उपचुनाव में समझौते की बात है तो इस बारे में कुछ भी कहना अभी जल्दबाजी होगी।

उन्होंने कहा कि उपचुनाव में कौन प्रत्याशी होगा, यह अभी तय नहीं हुआ है। अभी तो चुनाव ही घोषित नहीं हुए हैं। प्रत्याशी का फैसला पार्टी की हाई पावर कमेटी करेगी। मगर इतना बता सकता हूं कि परिवार का ही कोई सदस्य चुनाव लड़ेगा। एक तरफा चुनाव रहेगा, क्योंकि लोगों की भावनाएं हमारे परिवार के साथ हैं। कुलदीप ने कहा, हिसार से हमारी पहचान है और हमसे हिसार की। यह हमारा गढ़ है और हमेशा रहेगा। यहां के लोगों का हमारे परिवार पर गहरा विश्वास है। चौधरी भजनलाल के जाने के बाद अब मुझ पर उस विश्वास को कायम रखने की जिम्मेदारी है।

इसे बरकरार रखने के लिए तय किया है कि सप्ताह में तीन दिन हिसार लोकसभा क्षेत्र में रहूंगा और बाकी चार दिन हरियाणा में। पहले पिताजी यहां अपना पूरा समय देते थे और बाकी प्रदेश को। मैंने हिसार में 2 जून से पहले छह हलकों का दौरा किया था। अब फिर से दौरे शुरू किए जाएंगे।

भाजपा के साथ नजदीकियों को लेकर चर्चाओं पर कुलदीप ने कहा कि चौधरी भजनलाल बड़े आदमी थे। उनके कई नेताओं के साथ पारिवारिक रिश्ते थे। अब किसी बात का कोई क्या मतलब निकाले, कुछ नहीं कह सकता। बीजेपी के साथ समझौते पर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। कांग्रेस में वापसी को लेकर अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के अध्यक्ष शमशेर सुरजेवाला के निमंत्रण को लेकर हजकां सुप्रीमो ने कहा कि यह उनका प्यार है। इतना सीनियर व्यक्ति मेरे लिए कुछ कहे, यह मेरे लिए गर्व की बात है। हालांकि वहां और भी कई नेता बैठे थे।

कांग्रेस में वापसी एक चुटकला

कांग्रेस में वापसी की बात सुनता हूं तो मुझे यह एक चुटकला लगता है। वापसी तो दूर की बात है, इस बारे में सोचता भी नहीं हूं। विपक्ष अफवाहें उड़ाता रहता है। कौन फैला रहा है, यह पता नहीं। इसके पीछे कांग्रेस भी हो सकती है और इनेलो भी।

कोई टिप्पणी नहीं: