13 अप्रैल, 2011

'होले में हरियाणा की मिट्टी की खुशबू आती है'

एनबीटी न्यूज ॥ हिसार
हरियाणा जनहित कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई सोमवार को हिसार जिले के गांव पनिहार में खेतों पर पहुंच गए। उन्होंने इन किसान परिवारों के साथ मिलकर खेतों में काम किया। उन्होंने किसानों के साथ मिलकर गेहूं की फसल के भरोटे बांधे। इसके बाद उन्होंने किसानों के साथ मिलकर कच्चे हरे चने भूनकर होले बनवाए और उनका स्वाद चखा। उन्होंने कहा कि होले का स्वाद मुझे बचपन से ही पसंद है। इनमें हरियाणा की सोंधी मिट्टी की भीनी-भीनी खुशबू आती है। किसान परिवार भी कुलदीप को अपने बीच पाकर बेहद खुश नजर आ रहे थे।

उन्होंने खेतों में काम में जुटे किसान परिवार की महिलाओं व बच्चों से बातचीत की और उनसे छोटे बच्चों को स्कूल भेजने का अनुरोध किया। उन्होंने किसान परिवार के साथ शीशम के नीचे बैठकर चटनी, रोटी व लस्सी के साथ खाना खाया। इस तरह खेतों में गाडि़यों का काफिला व लोगों की चहल-पहल देखकर आसपास के किसान भी वहां पहुंच गए। किसानों ने कुलदीप बिश्नोई को क्षेत्र की प्रमुख समस्या नहरी पानी की किल्लत से अवगत करवाया। किसानों ने बताया कि सिंचाई के लिए पानी के अभाव के कारण क्षेत्र की हजारों एकड़ जमीन बंजर पड़ी है और ज्यादातर क्षेत्र में साल में एक ही फसल हो पाती है।

कोई टिप्पणी नहीं: