19 मई, 2011

कांग्रेस पार्टी निरंतर पतन की ओर बढ़ रही है: बिश्नोई

चंडीगढ़. हरियाणा जनहित कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि कांग्रेस पार्टी निरंतर पतन की ओर बढ़ रही है। विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों ने साबित कर दिया कि आगामी लोकसभा व विस चुनावों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि विभिन्न विधानसभाओं में बहुमत साबित करने के लिए कांग्रेस को अन्य दलों से गठबंधन करने की जरूरत आन पड़ी। स्वर्गीय इंदिरा गांधी व भजनलाल जैसे नेताओं के समय यह पार्टी राज्य विधानसभाओं में ही नहीं बल्कि लोकसभा में भी अपने बूते पर सरकार बनाने में सक्षम थी। दिनोंदिन नैतिक पतन होने व जनाधार गिरने से कांग्रेस को पहले लोकसभा चुनाव में और अब राज्य विधानसभाओं के चुनावों में गठबंधन करने पर मजबूर होना पड़ा।

हजकां अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा में भी कभी 67 सीटों के साथ भारी बहुमत के साथ सत्ता में आने वाली कांग्रेस भजनलाल का साथ छोड़ने केबाद अब महज 40 सीटों पर सिमट कर रह गई। ऐसे में सत्ता हासिल करने के लिए कांग्रेस नेताओं ने सिद्धांतों से गिरकर जनप्रतिनिधियों के जोड़-तोड़ व खरीद-फरोख्त की राजनीति की। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि आने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को अपनी मनमानी व जनविरोधी नीतियों का नतीजा भुगतना होगा। हजकां उसे बुरी तरह परास्त करके भारी बहुमत के साथ प्रदेश में सरकार बनाएगी।

गुमराह कर रही कांग्रेसः कुलदीप बिश्नोई

नई दिल्ली. हरियाणा जनहित कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि भू अधिग्रहण व एसईजेड पर कांग्रेस दोहरी नीति अपना रही है। कांग्रेस शासित राज्यों में इस नीति का बढ़-चढ़ कर बखान किया जा रहा है, जबकि विपक्ष शासित राज्यों में कांग्रेसी जमीन अधिग्रहण का विरोध करते हुए धरने-प्रदर्शन तक कर रहे हैं।

यूपी का घटनाक्रम इसका ताजा उदाहरण है। राहुल गांधी ने वहां की बसपा सरकार द्वारा किसानों की भूमि अधिग्रहण करने पर गिरफ्तारी तक दी। यूपी में चुनाव सिर पर हैं इसलिए कांग्रेसी लोगों को गुमराह करने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रहे हैं।

चैतन्य की उम्दा बैटिंग

चैतन्य की उम्दा बैटिंग : दिल्ली अंडर-16 खिलाड़ी चैतन्य बिश्नोई (194), शिवांक वशिष्ठ (4/84) और राजेश शर्मा (3/59) की बदौलत वेस्ट दिल्ली अकैडमी ने खुशाल अंडर-17 दो दिनी क्रिकेट टूर्नामेंट में मदनलाल अकैडमी को पहली में 47 रन से पछाड़कर मात दी।

हजकां ने गठित की जनहित हाई पावर कमेटी

पानीपत. हरियाणा जनहित कांग्रेस की प्रदेश कार्य समिति की विशेष बैठक सोमवार को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में हुई। पार्टी प्रवक्ता ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता पार्टी अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने की जबकि पूर्व सांसद धर्मपाल मलिक व रामजीलाल विशेष रूप से उपस्थित हुए। बैठक में पार्टी संगठन को मजबूत करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया तथा 11 सदस्यीय जनहित हाई पावर कमेटी का गठन किया गया। कमेटी कार्यकारिणी में 7 विशेष आमंत्रित सदस्य भी शामिल किए गए।

प्रवक्ता ने बताया कि कमेटी सदस्यों में पार्टी अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई, धर्मपाल मलिक, रामजीलाल, जंगबीर सिंह, डॉ. धर्मबीर यादव, अमीरचंद मक्कड़, मूलाराम, सूबे सिंह पूनिया, पूर्व मंत्री जगन्नाथ की पत्नी धर्मो देवी, सरदार बाबा बूटा सिंह व डीएन त्यागी को शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त जयभगवान शर्मा, बलकार सिंह, तेजपाल गर्ग, सुरेश शर्मा, निहाल सिंह मताना, दलबीर वाल्मीकि व राजबाला धानक को कमेटी का विशेष आमंत्रित सदस्य मनोनीत किया गया है।

चहेतों को फायदा दे रहे सीएम: बिश्नोई

हजकां अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने चहेतों को आर्थिक लाभ देने के लिए राज्य की परिवहन सेवा का भी निजीकरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले पहले भी प्रदेश भर के 900 रूटों के परमिट निजी बस संचालकों को जारी किए गए थे। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि अब राज्य सरकार 2700 और रूटों का भी निजीकरण करना चाहती है। ऐसा करने से एक तो प्रदेश के खजाने में राजस्व का घाटा होगा और वहीं दूसरी ओर प्रदेशवासियों को परिवहन सेवाओं की बदहाली झेलनी पड़ेगी।


03 मई, 2011

हजकां दल- बदल मामला: स्पीकर जल्द करे निपटारा

चंडीगढ़। हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां) छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए पांच विधायकों की विधानसभा सदस्यता खारिज करने की मांग याचिका पर शुक्रवार को सॉलिसिटर जनरल ऑफ इंडिया गोपाल सुब्रमणि यम की तरफ से पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में कहा गया कि विधानसभा स्पीकर जल्दी ही इस मामले का निपटारा कर देंगे। सॉलिसिटर जनरल की तरफ से इस बयान के बाद जस्टिस एमएम कुमार व जस्टिस टीपीएस मान की खंडपीठ ने उ मीद जताई कि मामले का यथासंभव शीघ्र निपटारा कर दिया जाएगा। खंडपीठ ने कहा कि बावजूद इसके यदि केस का निपटारा जल्दी नहीं होता तो याची कुलदीप बिश्नोई अदालत में इसके लिए अर्जी दायर कर सकते हैं। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई दो जून के लिए स्थगित कर दी।
खंडपीठ ने इस दौरान एकल जज के उस फैसले पर भी रोक जारी रखी जिसमें विधानसभा स्पीकर को इस मामले का चार माह में निपटारा करने का निर्देश दिया गया था। अदालत में सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि हरियाणा विधानसभा स्पीकर मामले के निपटारे का यथासंभव शीघ्र प्रयास कर रहे हैं। दूसरी तरफ बिश्नोई के वकील सत्यपाल जैन ने कहा कि उत्तर प्रदेश की मु यमंत्री मायावती के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने इन मामलों का निपटारा तीन सप्ताह में करने का निर्देश दिया था जबकि वर्तमान मामला तो लगभग डेढ़ साल से स्पीकर के समक्ष विचाराधीन है। हजकां के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई की तरफ से पांच विधायकों सतपाल सांगवान, विनोद भयाणा, नरेंद्र सिंह, जिले राम व धर्म सिंह के नवंबर 2009 में हजकां छोड़ कर सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी में शामिल होने को विधानसभा स्पीकर के समक्ष दल बदल कानून के तहत चुनौती देते हुए इन पांचों विधायकों की विधानसभा सदस्यता खारिज करने की मांग की है।