18 अक्टूबर, 2011

बिश्नोई की जीत को टीम अन्ना ने बताया कांग्रेस के खिलाफ जनादेश

हिसार लोकसभा उपचुनाव में कुलदीप बिश्नोई विजयी रहे. हालांकि उन्हें उम्मीद से थोड़ा कम मत प्राप्त हुआ और इनेलो के अजय चौटाला ने उन्हें कड़ी टक्कर दी. बिश्नोई ने अजय चौटाला को मात्र छह हजार वोटे से पराजित किया. फिर भी उनकी जीत और कांग्रेस की हार से टीम अन्ना हजारे ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा है सत्तारूढ़ दल को इससे सबक लेना चाहिये और जनलोकपाल विधेयक का पारित होना सुनिश्चित कराना चाहिये. हजारे पक्ष ने यह भी कहा कि ये चुनाव जनलोकपाल विधेयक पर जनमत संग्रह की तरह थे.



हजारे पक्ष के सदस्य अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘‘यह जनलोकपाल विधेयक पर जनमत संग्रह है। कांग्रेस को इससे सबक लेना चाहिये और अब जनलोकपाल विधेयक पारित करा देना चाहिये।’’ चुनाव में आए नतीजों के अनुसार भाजपा से समर्थन प्राप्त हरियाणा जनहित कांग्रेस के प्रमुख कुलदीप विश्नोई ने इंडियन नेशनल लोकदल के अजय चौटाला को हरा दिया है और कांग्रेस उम्मीदवार जयप्रकाश तीसरे स्थान पर रहे.



किरण बेदी ने कहा, ‘‘यह मतदाताओं का जनादेश है। हजारे पक्ष लोकपाल विधेयक पर संबंधित दलों के रुख के बारे में हमेशा से मतदाताओं को अवगत कराता रहा है। हमने इसके लिये कोई श्रेय नहीं लिया है क्योंकि ऐसा करना हमारा मकसद नहीं था।’’ उन्होंने कहा कि हम सिर्फ यही चाहते हैं कि वे ही सांसद संसद तक पहुंचें जिनके पार्टी अध्यक्ष जनलोकपाल विधेयक को लेकर प्रतिबद्ध हैं. हिसार में कांग्रेस को छोड़कर सभी दलों ने यह प्रतिबद्धता जतायी थी. इसके बाद फैसला मतदाताओं को करना था। हालांकि खुद कुलदीप बिश्नोई ने अपनी जीत में अन्ना इफेक्ट होने से इंकार किया है.



हिसार लोकसभा उपचुनाव में हजकां के कुलदीप बिश्नोई को 3,55,941 वोट प्राप्त हुए जबकि अजय चौटाला को 3,49,618 वोट और तीसरे स्थान पर रहे जयप्रकाश को 1,49,785 वोट प्राप्त हुए.


कोई टिप्पणी नहीं: