23 मार्च, 2012

प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं : कुसुम


पानीपत, मुख्य संवाददाता : हरियाणा जनहित कांग्रेस महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष कुसुम शर्मा ने कहा है कि प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चालू वर्ष के 80 दिनों के दौरान 110 से अधिक महिलाओं के साथ गैंगरेप की घटना हो चुकी हैं। महिलाओं पर अत्याचार बढ़ने के बावजूद सरकार आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। शर्मा बृहस्पतिवार को पानीपत दौरे के दौरान हजकां जिला कार्यालय में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में दो तरह का कानून इन दिनों चल रहा है। पुरुषों के लिये अलग और महिलाओं के लिये अलग। क्योंकि गुड़गांव में हुए गैंग रेप के बाद वहां के आइजी का यह कहना कि रात्रि 8 बजे के बाद किसी दफ्तर में कार्य करने से पूर्व महिलाएं लेबर कार्यालय से पहले अनुमति ले। इस तरह के बयान से प्रतीत होता है कि सरकार तो सरकार अधिकारियों को भी महिलाओं की चिंता नहीं है।
हजकां महिला प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि विगत पांच महीने से बुजुर्ग , विकलांग और विधवा महिलाओं को पेंशन के लिए दर दर की ठोकर खानी पड़ रही हैं। यदि समय रहते प्रदेश के मुख्यमंत्री ने महिलाओं पर बढ़ रहे अपराध को नहीं रोका तो हजकां-भाजपा महिला विंग हजकां सुप्रीमो कुलदीप बिश्नोई के निर्देश पर 2 अप्रैल से प्रदेश भर के जिला उपायुक्त का घेराव करेगी। इसके अतिरिक्त प्रत्येक जिला में 21 महिलाओं का प्रतिनिधिमंडल जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपेगी। इस अवसर पर हजकां प्रदेश कार्यकारणी के सदस्य प्रेम बजाज ने कहा कि प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। यदि सरकार ने समय रहते नियंत्रण नहीं किया तो हजकां आंदोलन करेगी। इस अवसर पर हजकां करनाल लोकसभा प्रभारी डी एन त्यागी, युवा जिला अध्यक्ष सुरेश गुर्जर, संजय कादयान, प्रेमवती कश्यप, मुकेश जागलान सहित बड़ी संख्या में हजकां पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।