27 नवंबर, 2011

पवार के हमलावर के साथ प्रमोद तिवारी को भी हो जेल: सिद्धू

फतेहाबाद। केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार पर हमला करने वाले सिख युवक के खिलाफ जिस धारा में मुकद्दमा दर्ज किया गया है, उसी धारा के तहत उत्तर प्रदेश के एयरपोर्ट पर राहुल गांधी को काले झंडे दिखाने वाले युवक को सरेआम जूतों एवं लातों से मारने वाले केंद्रीय मंत्रियों के खिलाफ भी कानून की वही धाराएं लगाकर मुकदमा दर्ज होना चाहिए। और उन्‍हें जेल भेज देना चाहिये। यहां सिद्धू का इशरा प्रमोद तिवारी की ओर था। यह बात भाजपा सांसद व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने शनिवार को रतिया में भाजपा-हजकां गठबंधन प्रत्याशी महावीर प्रसाद के समर्थन में आयोजित रैली में कही।

सिद्धू ने कहा कि हालांकि मैं शरद पवार पर हुए हमले की निंदा करता हूं परंतु कांग्रेस के भ्रष्टाचार, महंगाई एवं घोटालों से त्रस्त जनता का आक्रोश साफ झलकने लगा है। कांग्रेस ने अपने कुशासन पर रोक नहीं लगाई तो देश की जनता कांग्रेसी नेताओं एवं केंद्रीय मंत्रियों का जीना हराम कर देगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में हजकां भाजपा के पक्ष में चली आंधी और तूफान में सब विरोधी दल सूखे पत्तों की तरह उड़ जायेंगे और रतिया व आदमपुर में गठबंधन प्रत्याशी भारी वोटों से जीतेंगे।

हजकां सुप्रीमो कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि हिसार उपचुनाव में सभी विरोधी नेता कहते थे कि जो जीतेगा अगली सरकार प्रदेश में उसी की होगी, वह तो मैंने जीत लिया। अब बारी रतिया की है। रतिया का चुनाव महावीर प्रसाद को जिता दो, भूपेंद्र हुड्डा की मुख्यमंत्री की कुर्सी से छ: माह में ही छुट्टी कर दूंगा। उन्होंने कहा कि जो इनैलो के नेता सत्ता में रहते पंजाबी बणियों के वोट का अधिकार छीनने का बात कर पंजाबियों को पाकिस्तानी लुटेरे बताते थे, वह आज किस मुंह से इन वर्गां की वोट लेने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रतिया और आदमपुर की जनता के पास इनैलो और कांग्रेस से छुटकारा पाने का इससे बढिया मौका नहीं आ सकता।

इस मौके पर भाजपा के प्रदेश प्रभारी एवं दिल्ली से विधायक हर्षवर्धन, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष कृष्णपाल गुर्जर, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव कैप्टन अभिमन्यु, पूर्व सांसद रतनलाल कटारिया, विधायक अनिल विज, पूर्व मंत्री रामविलास शर्मा, पूर्व सांसद किशन सिंह सांगवान, रामचंद्र बंैदा, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष आत्मप्रकाश मनचंदा, प्रो. गणेशीलाल, महामंत्री वीरकुमार यादव, पूर्व सांसद धर्मपाल मलिक, पूर्व विधायक राकेश कंबोज, कंवरपाल गुर्जर, हजकां जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी काका, स. बूटा सिंह, सतपाल गोदारा, पूर्व मंत्री धर्मवीर यादव, पूर्व मंत्री जयनारायण खुंडिया, वीरभान मैहता सहित अनेक नेताओं ने संबोधित किया।

25 नवंबर, 2011

हिसार हार से इनेलो व कांग्रेस नेता गहरे सदमे में: कुलदीप बिश्नोई

हिसार। हरियाणा जनहित कांग्रेस के अध्यक्ष व सांसद कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि हजकां-भाजपा गठबंधन महज दो दलों का नहीं बल्कि दो दिलों का गठबंधन हैं तथा प्रदेश की जनता लंबे समय से एक ऐसे ही गठबंधन की जरूरत महसूस कर रही थी। हिसार लोकसभा उपचुनाव में करारी हार के बाद इनेलो व कांग्रेस नेता गहरे सदमे में हैं इसलिए गठबंधन के जल्दी टूटने जैसी बेतुकी बयानबाजी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इसमें कोई दोराय नहीं कि यह गठबंधन लंबा चलेगा क्योंकि दोनों ही दलों के नेता आपस में बेहतरीन तालमेल करके आगे बढ़ रहे हैं। हिसार लोकसभा उपचुनाव जीतने के बाद अब गठबंधन रतिया व आदमपुर विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करेगा। इसके अतिरिक्त आगामी विधानसभा चुनावों में भी गठबंधन भारी बहुमत से सरकार बनाएगा।

कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि आय से अधिक संपत्ति सहित भ्रष्टाचार के अन्य मामलों में जेल जाना तय है इसलिए इनेलो का कोई भविष्य नहीं। उन्होंने कहा कि इनेलो नेताओं को अभी से ही रतिया व आदमपुर में करारी हार और तिहाड़ जेल नजर आने लगी है। इस बौखलाहट के कारण इनेलो नेता आए दिन ऐसी बेतुकी बयानबाजी कर रहे हैं जिसका कोई सिर-पैर नहीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश का ऐसा कोई वर्ग नहीं जो हुड्डा और चौटाला सरकार की भ्रष्ट व गुंडाराज वाली नीतियों से पीडि़त न हों। इसलिए लोग इनसे दुखी होकर प्रदेश में सत्ता ही नहीं बल्कि व्यवस्था परिवर्तन चाहते हैं।

22 नवंबर, 2011

कुलदीप ने लोस सदस्यता की ली शपथ

नई दिल्ली : हरियाणा के हिसार संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से हाल में उप चुनाव में विजयी कुलदीप बिश्नोई ने सोमवार को लोकसभा की सदस्यता की शपथ ली।

संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन मंगलवार को लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही बिश्नोई ने सदन की सदस्यता की शपथ ली। बिश्नोई ने हिंदी में ईश्वर के नाम पर शपथ ली। सदस्यों ने मेजें थपथपाकर उनका स्वागत किया।

हरियाणा जनहित कांग्रेस (बीएल) के नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के पुत्र कुलदीप बिश्नोई ने पिछले महीने हिसार में हुए उपचुनाव में इंडियन नेशनल लोकदल के अजय चौटाला को पराजित किया था। यह सीट भजनलाल के निधन के कारण रिक्त हुई थी।

आदमपुर की एकजुटता तोड़ नहीं पाए विरोधी : रेणुका

हिसार, जागरण संवाद केन्द्र : हजका-भाजपा प्रत्याशी रेणुका बिश्नोई ने कहा कि आदमपुर की जनता और भजनलाल परिवार की एकजुटता को विरोधी कभी तोड़ नहीं पाए। केवल हरियाणा ही बल्कि पूरे देश के मानचित्र पर आदमपुर की जनता ने इस एकजुटता की मिसाल बार-बार कायम करके दिखाई है। यहा की जनता हमेशा से जागरूक रही है और आपके नेता स्वर्गीय भजनलाल ने भी आपकी शान पर कोई आंच नहीं आने दी। पिछले 16 वर्षो से अनदेखी का शिकार रहे आदमपुर की खोई शान को लौटने के लिए हजका अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई पिछले लंबे समय से संघर्ष कर रहे है और उनका यह संघर्ष अब रग लाने लगा है।
श्रीमती बिश्नोई आदमपुर, लाडवी, काबरेल व बगला आदि गावों में जनसभाओं को संबोधित कर रहीं थी।
उन्होंने कहा कि काग्रेस व इनेलो नेताओं ने आदमपुर के लिए कभी कुछ नहीं किया है। मौजूदा सरकार के सात साल के कार्यकाल व इनेलो सरकार में इस क्षेत्र के साथ भारी भेदभाव हुआ है, लेकिन अब आप लोगों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि हजका-भाजपा की सरकार बनने पर सारी कसर पूरी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आप लोगों ने हमेशा से अपनी और हमारी साख को कायम रखा है। एक बार फिर विरोधियों को दिखाना है कि कोई ओछे हथकंडे अपनाकर आदमपुर की जनता को बाट नहीं सकता। अभियान के दौरान गाव लाडवी में अमीचंद लाबा अपने परिवार व सैंकड़ों साथियों सहित काग्रेस छोड़कर हजका में शामिल हुए। इसके अतिरिक्त गाव सारगपुर में मुकेश व उग्रसेन हरिजन काग्रेस छोड़कर, गाव भाणा में कृष्ण खीचड़ इनेलो छोड़कर, सुभाष धानक काग्रेस छोड़कर, गाव भोडिया में बद्रीप्रसाद हरिजन बसपा छोड़कर, राजेंद्र वाल्मीकि काग्रेस छोड़कर हजका में शामिल हुए।
जनसंपर्क अभियान में उनके साथ प्रवीण बिश्नोई, राव राजेंद्र ठेकेदार, हलका प्रधान जयबीर गिल, अजय माजू, रानी राव, माया देवी, संगीता सिंह, कमलेश मल्होत्रा, कृष्ण भाभू, ईश्वर बगला आदि सहित भारी संख्या में गठबंधन नेता व कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।

12 नवंबर, 2011

Bishnoi's wife files nomination for by-poll

Chandigarh: HJC president Kuldeep Bishnoi's wife Renuka filed her nomination papers as the party candidate for Adampur Assembly bye-election in Haryana.
Adampur seat fell vacant due to resignation of Kuldeep Bishnoi on his election to Lok Sabha from Hisar seat.

04 नवंबर, 2011

रेणुका बिश्रोई आदमपुर हलके से चुनाव लड़ेगीं

चंडीगढ़। हजकां-भाजपा गठबंधन ने गुरुवार को आदमपुर व रतिया विधानसभा क्षेत्रों से अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। आदमपुर हलके से हजकां अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई की धर्मपत्नी रेणुका बिश्नोई तथा रतिया हलके से भाजपा के महावीर प्रसाद का नाम पार्टी की केंद्रीय इकाई के पास भेजा है। जल्द ही केंद्रीय इकाई द्वारा महाबीर प्रसाद की उम्मीदवार की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी।

चंडीगढ़ प्रेस क्लब में हुई हजकां-भाजपा के संयुक्त पत्रकार सम्मेलन में हजकां अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई, भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. हर्षवर्धन, प्रदेशाध्यक्ष कृष्णपाल गुर्जर, विधायक दल के नेता अनिल विज तथा हजकां के पूर्व सांसद धर्मपाल सिंह मलिक व पंडित रामजीलाल ने बताया कि पार्टी की स्थानीय इकाई ने आदमपुर से उम्मीदवारों की सूची में दो नाम जसमादेवी व रेणुका बिश्नाई को शामिल किया था।

कुलदीप बिश्रोई ने बताया कि मेरी माताजी जसमा देवी ने खुद चुनाव न लड़कर अपनी पुत्रवधु रेणुका बिश्नोई को ही मैदान में उतारने का ऐलान किया। भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. हर्षवर्धन व प्रदेशाध्यक्ष कृष्णपाल गुर्जर ने बताया कि रतिया हलके से भाजपा की प्रदेश इकाई ने सर्वसम्मति से महाबीर प्रसाद का नाम स्वीकृति के लिए पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति को मंजूरी के लिए भेजा है।

02 नवंबर, 2011

आदमपुर विधानसभा हलके में तीसरी बार उपचुनाव

- 30 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए 5 नवंबर से भरे जाएंगे नामांकन
- हिसार स्थित एसडीएम कोर्ट में होंगे नामांकन
- 4 दिसंबर को होगा दावेदारों के भाग्य का फैसला
मणिकांत मयंक, हिसार
लोकसभा उपचुनाव के बाद अब एकबार फिर हिसार जिले के आदमपुर विधानसभा सीट के लिए सियासी संग्राम का शंखनाद हो गया है। इस सीट पर तीसरी बार उपचुनाव होगा। आसन्न उपचुनाव के मद्देनजर नामांकन से लेकर मतगणना तक की प्रक्रिया को सहजता से अंजाम देने के लिए प्रशासन ने भी कमर कस ली है।
आदमपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया हिसार स्थित एसडीएम कोर्ट में पूरी होगी। रिटर्निग आफिसर व एसडीएम अमरदीप जैन के मुताबिक विधानसभा उपचुनाव के प्रत्याशी 5 से 11 नवंबर तक अपना नामांकन पत्र एसडीएम कोर्ट में भर सकेंगे। उन्होंने बताया है कि बुधवार को नामांकन संबंधी सारी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी। उन्होंने बताया कि 12 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उन्होंने बताया कि 14 नवंबर तक नामांकन पत्र भरने वाले अपनी दावेदारी वापस ले सकेंगे और इसी दिन उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित कर दिये जाएंगे। इस उपचुनाव में आदमपुर हलका के 1 लाख, 35 हजार, 833 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 73,554 पुरुष व 62,007 महिलाएं शामिल हैं जबकि 272 सर्विस मतदाता भी अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
गौरतलब है कि आदमपुर विधानसभा हलका में सबसे पहला उपचुनाव वर्ष 1998 में हुआ था जिसमें वर्तमान सांसद व स्व. भजनलाल के पुत्र कुलदीप बिश्नोई ने जीता था। इसके पश्चात जब भजनलाल सहित तीन विधायकों को अयोग्य करार दिया गया था तो वर्ष 2008 में दूसरा उपचुनाव हुआ जिसमें भजनलाल ने अपने सिर जीत का सेहरा बांधा था।

01 नवंबर, 2011

हिसार की बजाय फतेहाबाद में होगी आडवाणी की जनसभा

हिसार। वरिष्ठ भाजपा नेता लाल कृष्ण आडवाणी की 12 नवंबर को हिसार में होने वाली जनसभा अब फतेहाबाद में होगी। पहले यह जनसभा हिसार में होनी थी पर आदमपुर व रतिया विधानसभा उपचुनावों के कारण इसे फतेहाबाद कर दिया गया है। यह जानकारी भाजपा के प्रदेश महामंत्री वीर कुमार यादव ने रविवार को एक पत्रकारवार्ता में दी। यादव ने बताया कि हिसार के पुराने राजकीय कालेज के मैदान में अब सिर्फ स्वागत समारोह होगा जिसमें भाजपा के सभी नेताओं के अलावा हजकां सुप्रीमों व हिसार के सांसद कुलदीप बिश्नोई भी लाल कृष्ण आडवाणी का स्वागत करेंगें।

भाजपा नेता ने इस अवसर पर सभी हजकां नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को भी समारोह के लिए भी आमंत्रित किया। वीर कुमार यादव ने बताया कि 11 अक्तूबर को बिहार से शुरु हुई आडवाणी की जनचेतना यात्रा की 12 नवंबर को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष कृष्णपाल गुर्जर और सांसद कुलदीप बिश्नोई राजस्थान - हरियाणा बॉर्डर पर स्थित झुपई में अगवानी करेंगें। उन्होने बताया कि सिवानी कस्बे में यात्रा का औपचारिक स्वागत किया जाएगा। यादव ने कहा कि हरियाणा में अडवाणी की यात्रा 3 तीन तक रहेगी जिसमें पहले चरण में 12 नवंबर को सिवानी, हिसार और फतेहाबाद में जनसभा के बाद 12 नवंबर को ही रात में सिरसा पहुंचेगी और रात्रि विश्राम के बाद 13 नवंबर को डबवाली के रास्ते पंजाब में प्रवेश करेगी। इसके बाद 17 नवंबर को दोबारा हरियाणा के अंबाला और नारायणगण होते हुए हिमाचल में चली जाएगी।

भाजपा नेता ने कहा कि हिसार उपचुनाव में जनता को कांग्रेस का मजबूत विकल्प मिला है तथा आडवाणी की यात्रा से प्रदेश में हजकां-भाजपा गठबंधन के पक्ष में बने माहौल में और इजाफा होगा। हाल ही में आडवाणी की यात्रा के रूटों में मिले विस्फोटकों के बाद सुरक्षा के सवाल पर भाजपा नेता ने कहा कि प्रदेश भाजपा की ओर से पुलिस विभाग को इस यात्रा की सूचना दे दी गई है। आदमपुर और रतिया में से किस सीट पर भाजपा की दावेदारी के प्रश्न पर उन्होंने इस बारे में कोई भी बात कहना जल्दबाजी बताया। उन्होने उम्मीद जताई कि हजकां सुप्रीमों कुलदीप बिश्नोई भी फतेहाबाद की जनसभा में शामिल होंगें। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश संगठन सचिव सुरेश भट्ट, जिलाध्यक्ष कृष्ण रिणवा, श्रीनिवास गोयल , रामनिवास फौजी ,मंदीप गिल मौजूद थे।