21 जनवरी, 2010

हर क्षेत्र में नाकाम है कांग्रेस : कुलदीप

टोहाना & कांग्रेस की सरकार हर क्षेत्र में नाकाम रही है। यह आरोप हजकां सुप्रीमो कुलदीप बिश्नोई ने रविवार को हजकां कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कही। कुलदीप यहां पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रामेश्वर बिश्नोई की माता व मनोज बिश्नोई की दादी मैना देवी के निधन पर शोक जताने आए हुए थे। उन्होंने कहा कि महंगाई रोकने में कांग्रेस की केंद्र व प्रदेश सरकारें विफल रही हैं और मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का यह बयान कि मुख्यमंत्रियों की बैठक के बाद महंगाई रोकने बारे में नीति बनाएंगे, गैरजिम्मेदाराना है। उन्होंने इसकी निंदा करते हुए कहा कि प्रदेश १५ हजार करोड़ रुपए के कर्ज तले दबा हुआ है, परंतु हुड्डा सरकार इसके बावजूद गुडगांव व पानीपत की बिजली को निजी हाथों में देने पर तुली हुई है। हजकां सुप्रीमो ने ऐलनाबाद उपचुनाव में समर्थन के प्रश्न पर कहा कि उनकी पार्टी किसी का समर्थन नहीं कर रही बल्कि अपने कैडर को मजबूत करने में जुटी हुई है।

इस अवसर पर उनके साथ मनोज बिश्नोई, धीरा सिंह, हवा सिंह, बाबा बूटा सिंह, नानू राम, ईश्वर बोस्ती, कृष्ण सैनी, प्रताप, जगदीश बिश्नोई व सुभाष खिलेरी उपस्थित थे। इससे पूर्व हजकां सुप्रीमो ने डीएसपी हरीश दत्ता के आवास पर जाकर उनके निधन पर भी शोक जताया।

आदमपुर से भेदभाव : कुलदीप

भास्कर न्यूज & मंडी आदमपुर
हजकां सुप्रीमा कुलदीप बिश्नोई ने कहा है प्रदेश सरकार आदमपुर हलके के साथ भेदभाव का रवैया अपनाए हुए है। क्षेत्र में बिजली और पानी के संकट के कारण त्राहि-त्राहि मची है।

बिश्नोई रविवार शाम अनाज मंडी स्थित अपने प्रतिष्ठान पर कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुन रहे थे। हजकां सुप्रीमा ने कहा कि प्रदेश में हर हाल में मध्यावधि चुनाव होंगे तथा हजकां इन चुनावों की तैयारियों को लेकर प्रदेश स्तर पर सदस्यता अभियान चलाए हुए है। 31 मार्च तक चलने वाले पहले चरण के सदस्यता अभियान में साढ़े तीन लाख सदस्य बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पिछले पांच साल से कहते आ रहे हैं कि अगले दो साल में बिजली संकट पूरी तरह समाप्त हो जाएगा। ॉलोगों को आज बिजली के दर्शन तक नही हो रहे हैं।


कर्ज में प्रदेश

मुख्यमंत्री की गलत नीतियों के कारण आज प्रदेश 15 हजार करोड़ रुपए के कर्ज के बोझ के नीचे दबा हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस आर्थिक संकट से निपटने की बजाय पानीपत व गुडग़ांव जैसे औद्योगिक शहरों की बिजली आपूर्ति निजी कंपनियों के हाथों में सौंप कर प्रदेश के खजाने का भारी राजस्व नुकसान कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूंजीपतियों के साथ मिलकर महंगाई बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि चीनी, दाल व आटे के भाव दोगुने से भी ज्यादा हो चुके हैं, किंतु केंद्र व राज्य सरकार ने इसे नियंत्रित करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया।